Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में दीपावली को लेकर प्रशासन अलर्ट:आधुनिक हथियारों से लैस स्वाट टीम बाजारों में तैनात; संदिग्धों पर रख रहे नजर

रोहतक में धनतेरस व दीपावली त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड़ में है। शहर में भीड़-भाड़ वाले इलाकों व बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाई गई है। बाजारों को वाहन फ्री जोन घोषित किया है, ताकि बाजारों में भीड़ ना हो। साथ ही लोगों को भी खरीदारी करने में परेशानी का सामना ना करना पड़े।

धनतेरस, दीपावली एवं गोवर्धन पूजा के त्योहार की खरीदारी करने के लिए आमजन घर से बाहर निकल रहे है। पुलिस द्वारा लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में सुरक्षा बंदोबस्त के पुख्ता इंतजाम किए। जिला की ज्यादा से ज्यादा फोर्स को गश्त व नाकाबंदी पर तैनात किया। सीआईए की अलग-अलग टीमें निरंतर गश्त कर रही है। स्वाट टीमों को शहर में अलग अलग स्थानों पर तैनात किया गया है।

पुलिस की स्वाट टीम आधुनिक हथियारों से लैस है तथा किसी भी प्रकार की परिस्थिति से निपटने में सक्षम है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने के लिए मचान, रुट डायवर्ट, वाहनों की आवाजाही निषेध, पार्किंग स्थल, गश्त आदि कई कारगर प्लान तैयार किए गए है।

बाजार व भीड़ वाले क्षेत्र में पुलिस की तरफ से पैदल गश्त की जा रही है। जिला कन्ट्रोल रुम अधिकारी को सूचना का आदान प्रदान तीव्रता से करने तथा हर छोटी बड़ी घटना से उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए है। बाजारों में महिला पुलिस को भी गश्त पर लगाया गया है। सभी थाना प्रभारी को अपने-अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा तथा देर रात तक गश्त करने के आदेश दिए गए है।

त्योहारों को देखते हुए सीआईए स्टाफ की अलग-अलग टीमों द्वारा प्रमुख स्थलों जैसे बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन आदि के अलावा शहर के बाजार व व्यस्त इलाके जैसे रेलवे रोड, किला रोड, शोरी मार्किट, बडा बाजार, गांधी कैम्प मार्किट, भिवानी स्टेंड, डी-पार्क आदि जगहों पर गश्त कर रही है। साथ ही आपराधिक प्रवृत्ति व संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है।

एसपी सुरेंद्र भौरिया ने कहा कि किसी भी लावारिस व संदिग्ध वस्तु को न छुए। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दे। कोई संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई देता है तो तुरंत डायल 112 या अपने नजदीकी थाना/चौकी में सूचना दे। आपकी सूचना पर तुरन्त कार्यवाही की जाएगा।

Exit mobile version