Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट:डीसी बोले- सुबह 6 से रात 10 बजे तक बजेंगे लाउडस्पीकर, लेनी होगी अनुमति

हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर रोहतक डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार ने सभी राजनीतिक दलों एवं आम नागरिकों से स्वतंत्र, निष्पक्ष, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

लाउडस्पीकर का प्रयोग जिला प्रशासन की अनुमति से उचित ध्वनि नियंत्रण में प्रातः 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक ही किया जा सकेगा। चुनाव एवं मतदाता संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1950 स्थापित किया गया है। टोल फ्री नंबर पर मतदाता सूची एवं चुनाव से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

उन्होंने जिला में स्थित सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने वाले सभी होर्डिंग, बैनर, पोस्टर आदि तुरंत प्रभाव से हटा दें तथा अनुपालन रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपे। चुनाव के दौरान किसी भी सरकारी या निजी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकेगा।

अजय कुमार ने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराना जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान लुभावने सामान की आवाजाही पर नजर रखने के लिए उड़नदस्ते और निगरानी टीमें गठित की गई हैं।

मतदाताओं को लुभाने के लिए नकदी, शराब या अन्य पुरस्कार, सामान बांटना, मुफ्त में भोजन परोसना रिश्वत की श्रेणी में आता है। रिश्वत देना या लेना दंडनीय अपराध है। जिसमें एक साल तक की कैद और जुर्माना हो सकता है।

Exit mobile version