हांसी थाना पुलिस ने अनुसूचित जाति समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री युविका चौधरी को गिरफ्तार किया है। सोमवार को युविका चौधरी से पुलिस ने डीएसपी कार्यालय में तकरीबन 3 घंटे तक पूछताछ करने के बाद हाईकोर्ट के आदेशों पर औपचारिक जमानत पर छोड़ दिया।
बता दें कि युविका चौधरी ने इसी साल 25 मई को अपने ब्लॉग पर एक वीडियो जारी कर अनुसूचित जाति समाज के लिए एक अपमानजनक टिप्पणी की थी।जिसके बाद दलित अधिकार कार्यकर्ता रजत कलसन ने थाना शहर हांसी में उक्त अभिनेत्री के खिलाफ अनुसूचित जाति व जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया था।
युविका ने पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को खारिज कराने के लिए याचिका दायर की थी परंतु हाईकोर्ट ने उसे कोई भी राहत देने से इंकार कर दिया था, जिसके बाद उक्त अभिनेत्री ने हिसार की अनुसूचित जाति व जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत स्थापित विशेष अदालत में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, जिसे 11 अक्टूबर को विशेष अदालत ने खारिज कर दिया था। इसके बाद पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने उक्त अभिनेत्री को राहत देते हुए उसे अंतरिम जमानत दे दी थी तथा जांच में शामिल होने के आदेश दिए थे।
युविका चौधरी ने सोमवार को हांसी पुलिस के समक्ष आत्म समर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उनसे 3 घंटे पूछताछ के बाद बेल पर छोड़ दिया।
पूछताछ के दौरान युविका चौधरी के पति प्रिंस नरूला तथा उनके अधिवक्ता भी मौजूद थे। अब पुलिस युविका चौधरी के खिलाफ हिसार की विशेष अदालत में चालान पेश करेगी जहां पर उसे नियमित जमानत करानी पड़ेगी तथा अगर उक्त अदालत में युविका चौधरी के खिलाफ आरोप साबित हुए और उसे 5 साल तक की सजा भी हो सकती है।
