Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

नगर परिषद की टीम द्वारा रेवाड़ी में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई

रेवाड़ी नगर परिषद की टीम ने मंगलवार सुबह शहर के मेन बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करते हुए कई रेहड़ियां, दुकानों के आगे लगी फड़ियां व अन्य सामान जब्त किया है। इसके साथ ही दुकानदारों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। नगरपालिका की टीम की कार्रवाई के बाद सिकुड़ चुका बाजार खुला-खुला नजर आ रहा हैं।

सोमवार को ही नगर परिषद की चेयरपर्सन पूनम यादव ने वाइस चेयरमैन व पार्षदों के साथ पैदल बाजार का दौरा करके गांधीवादी तरीके से व्यापारियों से हाथ जोड़कर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की थी। साथ ही मंगलवार से रूटीन में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी शुरू करने की बात कही थी। चेयरपर्सन के आदेश के बाद मंगलवार सुबह ही नगर परिषद के अधिकारियों की टीम ने शहर के मेन बाजार में बनी पुरानी सब्जी मंडी से लेकर रेलवे चौक तक निरीक्षण किया।

बाजार खुलने से पहले ही वहां सड़क पर खड़ी रेहिड़यों के अलावा दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के आगे लगाई गई फड़ियों को भी नगर परिषद की टीम ने अपने कब्जे में लिया। इतना ही नहीं बाजार खुलने के बाद शहर के अन्य बाजार में भी नगर पालिका की टीम पहुंची। नगर पालिका की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। अन्य दिनों के मुकाबले बाजार में आज रेहड़ी भी नजर नहीं आ रही। सबसे ज्यादा परेशानी शहर के मेन बाजार में रेहड़ियों के खड़े होने से हो रही थी, जिसकी वजह से पूरे दिन जाम के हालात बने रहते हैं।

नगर परिषद की चेयरपर्सन पूनम यादव ने कहा कि त्योहार का सीजन शुरू हो चुका हैं। बाजार में भीड़ बढ़ने लगी है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। हर दिन नगर परिषद की टीम बाजार में घूमेगी। सामान जब्त करने के साथ ही 1 हजार रुपए तक का चालान भी किया जाएगा। रेहड़ी वालों के लिए वेंडिंग जोन बनाने की प्रक्रिया चल रही है।

नगर परिषद ने रेहड़ी चालकों को चेतावनी दी है कि अगर बाजार में रेहड़ी लगाई तो फिर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Exit mobile version