Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

शादी से इंकार करने पर युवक पर फेंका तेजाब- आरोपी लड़की गिरफ्तार; लड़का PGI में भर्ती

सोनीपत में शादी से मना करने पर युवक पर तेजाब फेंकने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवती अंजली को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस गिरफ्तारी के बाद उसे मेडिकल कराने के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची है। फिलहाल तेजाब से झ़ुलसे युवक का इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है।

बता दें कि सोनीपत के मयूर विहार में पांच दिन पहले 26 अक्टूबर की शाम को बिधल गांव की अंजली ने युवक श्याम पर तेजाब फेंक दिया था। असल में श्याम के परिवार ने उसका रिश्ता ठुकरा दिया था। इसके बाद वह उसे देख लेने की धमकी दे रही थी।

शहर थाना के अंतर्गत कोर्ट कॉम्प्लेक्स पुलिस चौकी के जांच अधिकारी परविंद सिंह ने बताया कि पुलिस ने वारदात को लेकर केस दर्ज कर लिया है। युवक श्याम अभी बयान देने की हालत में नही है। उससे पूरी वारदात के बारे में बात की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

लड़के के परिवार वालों ने बताया कि बिधल गांव की युवती अंजली ने फोन से मयूर विहार में रहने वाले श्याम सिंह से बात करनी शुरू की। श्याम अपनी बुआ अनीता के पास रहता था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच फ्रेंडशिप हो गई। इसी दौरान युवती ने श्याम से कहा कि वह उससे शादी करना चाहती है। युवक इससे घबरा गया। उसने पूरी बात अपनी बुआ को बता दी।

इस बीच युवती दिवाली से पहले अपनी मां को लेकर युवक श्याम के घर रिश्ता पक्का करने उसकी बुआ अनीता के घर पहुंच गई। श्याम के माता-पिता की बचपन में ही मौत हो चुकी है। उसका लालन पालन उसकी बुआ ही कर रही थी। बुआ ने युवती का रिश्ता लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह भड़क गई। घर पर ही उसे चेतावनी देकर गई कि तुम्हारी शादी होगी तो मेरे से, नहीं तो किसी से भी नहीं। श्याम सिंह उसी दिन से डरा हुआ था। श्याम एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है।

युवती ने बहाने से बुधवार शाम को उसको मयूर विहार में घर से बाहर बुलाया। वहां फिर अंजली ने उस पर शादी के लिए दबाव डाला। उस वक्त अंजलि के हाथ 5 लीटर की एक कैन में कोई तेजाब जैसा लिक्विड था। श्याम ने उसे कहा कि वह बुआ की सहमति के बिना शादी नहीं कर सकता, क्योंकि अभी तक बुआ ही उसका पालन पोषण करती रही है। हालांकि बुआ का कहना है कि श्याम लड़की से मिलने नहीं बल्कि दूध लेने गया था। वो पहले से ताक में थी।

​​​​​​​​​​​​​​श्याम ने शादी के लिए हामी नहीं भरी तो युवती ने युवक पर कैन से तेजाब फेंक दिया। जब आसपास के लोग श्याम की आवास सुन करीब आने लगे तो वह मौके से फरार हो गई। युवक ने फोन कर अपनी बुआ को जानकारी दी तो परिजन गाड़ी लेकर पहुंचे और उसे सोनीपत के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से उसे बाद में रेाहतक पीजीआई रेफर किया गया।

अस्पताल में मौजूद श्याम सिंह की बुआ अनीता ने बताया कि बिधल गांव की लड़की अंजली उनके घर अपनी मां के साथ रिश्ता लेकर आई थी। लड़की जिसके साथ पहले रहती थी, वो इन दिनों जेल में है। युवती की नजर बिना मां बाप के लड़के श्याम की दौलत पर टिकी थी। उसने लड़की के बारे में पता किया और श्याम का रिश्ता करने से पूरी तरह से इनकार कर दिया। अंजली ने वहीं पर उनको धमकी दी कि उसे किसी और का नहीं होने देगी।

इसके बाद घटना के दिन श्याम का फोन आया कि बुआ लड़की ने उस पर तेजाब डाल दिया है, तुरंत आ जाओ। वे गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और उसे सोनीपत के ऑस्कर अस्पताल में लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने देखा तो पूरा शरीर तेजाब से नहाया हुआ था। मुंह, आख, पीठ, कमर सब जगह तेजाब उसकी त्वचा को जला रहा था। उसे डॉक्टरों ने आईसीयू में रखा है।

युवक की बुआ अनीता ने बताया कि शादी से इनकार करने पर लड़की भड़क गई थी। उसने सरेआम चेतावनी दी कि तू मेरा नहीं होगा तो जिंदगी में किसी का नहीं होने दूंगी। तेजाब छिड़कने के बाद भी लड़की ने कहा कि – आ बेटा तुझे मैं देखती हूं। उसने बताया कि उसे नहीं पता कि दोनों के बीच बातचीत कैसे शुरू हुई। लड़की तो पूरा दिन किसी न किसी युवक को साथ लिए घूमती रहती है। एक युवक को जेल भेज चुकी है। पहले से शादीशुदा है। अब श्याम से तीसरी शादी करना चाहती थी। इसलिए परिवार ने ना कर दी थी।

Exit mobile version