हरियाणा के कैथल जिले के कस्बा ढांड में शराब ठेकेदार के बहुचर्चित मर्डर मामले में अंबाला STF ने 10 हजार के इनामी बदमाश को काबू किया। STF को मोस्ट वांटेड गांव राजौंद (कैथल) निवासी आकाश उर्फ काशी से कब्जे से देसी कट्टा और जिंदा रौंद भी मिला। वहीं बदमाश के खिलाफ ढांड पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
STF अंबाला DSP अमन कुमार ने बताया कि आगामी कार्रवाई के लिए बदमाश को ढांड थाना पुलिस को भी सौंप दिया गया है। बदमाश आकाश उर्फ काशी ढांड के शराब ठेकेदार सतीश गर्जर हत्याकांड में शामिल था। ढांड थाना में बदमाश के खिलाफ धारा 302, 148,149, 285, 427, 325 और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है।
DSP अमन ने बताया कि बदमाश काशी के खिलाफ थाना देवबन (UP) में वर्ष 2021 में धारा 394, 411 और 120B के तहत, इसी थाने में धारा 147, 148,149, 307, 398 व 401 के तहत, तीसरा मामला धारा 379 के तहत दर्ज है। इसके अलावा 21 अक्तूबर 2021 अंबाला के बलदेव नगर थाना में धारा 42P एक्ट और ढांड थाना (कैथल) में 4 मई 2023 को धारा 302,148, 149, 285, 427, 325 और आर्म्स एक्ट के तहत पर्चा दर्ज है।
बदमाशों ने संदीप की बेरहमी से की थी हत्या
बता दें कि सतीश हत्याकांड में शामिल बदमाश रणजीत सिंह, प्रवीन कुमार और राहुल समेत 10 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने सतीश के चाचा प्यारा सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। सतीश अपने पार्टनर जितेंद्र उर्फ गोगी के अपहरण केस की पैरवी कर रहा था।
बदमाश रणजीत व राहुल ने सतीश को पैरवी करने से रोका। पीछे न हटने पर रणजीत व राहुल ने सतीश पर जुलाई 2019 में भी हमला किया था, लेकिन तब सतीश गाड़ी में नहीं था। गाड़ी में ढांड निवासी राहुल व संदीप थे। रणजीत ने संदीप की बेरहमी से हत्या की थी। राहुल मौका पाकर मौके से भाग गया था। बदमाश के खिलाफ कुरुक्षेत्र में हत्या का मामला दर्ज हुआ था।
सिर में हथौड़े मारकर किया था सतीश का मर्डर
संदीप के कत्ल के केस में 18 अप्रैल 2023 को राहुल की कुरुक्षेत्र कोर्ट में गवाही थी। जब सतीश राहुल के साथ गवाही दिलवाने के लिए जा रहा था तो बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी थी। 3 मई की रात को 9.50 बजे सतीश अपने भाई से मिलकर वापस अपने घर जा रहा था। तभी बदमाशों ने सतीश की गाड़ी का हथौड़े से शीशा तोड़ा और आंखों में मिर्च मारी और सतीश की हत्या करके गाड़ी से पिस्तौल और रुपए भी ले गए। थाना ढांड में मामला दर्ज किया गया था।

