हरियाणा के जिले करनाल के नीलोखेडी में एक परिवार के छह सदस्यों पर रंजिश में गाड़ी चढ़ाने के मुख्य आरोपी को कुरुक्षेत्र से गिरफ्तार किया है। 50 हजार के ईनाम आरोपी को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। अब तक मुंबई व नेपाल में छिपा आरोपी दूसरे देश में भागने की फिराक में था। जिसे कुरुक्षेत्र बस अड्डा से गिरफ्तार कर लिया गया।मामले में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए 26 अक्टूबर को निरीक्षक कंवर सिंह प्रबंधक थाना बुटाना व निरीक्षक हरजिंदर सिंह की अध्यक्षता में डिटेक्टिव स्टाफ की टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमन पुत्र बलविंदर निवासी एफसीआई कॉलोनी नीलोखेड़ी को विश्वसनीय साक्ष्यों के आधार पर कुरुक्षेत्र बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा उपरोक्त वारदात को रंजिशन अंजाम देने बारे खुलासा किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी इस दौरान गुडगांव, मुंबई, गोरखपुर व नेपाल के अलग-अलग एरिया में किराए पर कमरा लेकर पुलिस से छुपा हुआ फिर रहा था और किसी तरह से देश से बाहर भागने की फिराक में भी था। आरोपी को कल पेश अदालत करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। दौरान रिमांड आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी व फरार दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
10 अक्टूबर को महिन्द्र सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी नियर हैफेड कालोनी बुटाना जिला करनाल ने पुलिस को ब्यान दिया कि उसका घर हैफेड के मैन गेट के पास पड़ता है। यह रास्ता बुटाना कालोनी से होता हुआ बुटाना गांव के खेतों की तरफ चला जाता है। उसके घर के आगे से अमन निवासी डेरा बुटाना अपनी एंडेवर गाड़ी को हमेशा तेज रफ्तार में निकाल कर ले जाता था। जिससे किसी के गाड़ी की चपेट में आने की संभावना बनी रहती थी। 10 अक्टूबर को सुबह के समय महिन्द्र उपरोक्त व उसके परिजन घर के सामने गली में खड़े होकर अमन के पिता बलविन्द्र को इस बात को लेकर अमन को समझाने की कहने लगे। इस बात को सुनकर बलविन्द्र तैस में आ गया और अपने लड़के अमन द्वारा ऐसे ही तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने की धमकी देने लगा। उसके थोड़ी देर बाद ही अमन अपनी एंडेवर गाड़ी को तेज रफ्तार में चलाकर व जाति सूचक शब्द कहकर गली में खड़े महेन्द्र के परिवार के लोगों पर गाड़ी चढ़ाकर गाड़ी को लेकर मौका से फरार हो गया और बलविन्द्र भी मौका से फरार हो गया। इस घटना में महेन्द्र के परिवार के कई लोग घायल हो गये थे और महेन्द्र की भाभी राजरानी पत्नी जयपाल व उसके भाई सुभाष की गंभीर चोट आने के कारण मृत्यू हो गई। इस संबंध में महेन्द्र उपरोक्त के ब्यान पर थाना बुटाना में अमन व उसके पिता बलविन्द्र के खिलाफ धारा 302, 307, 34 आईपीसी व एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुये आरोपी की धरपकड़ के लिए करनाल पुलिस की 6 टीमें गठित की गई। टीमों द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए 13 दिसंबर को वारदात में इस्तेमाल एंडेवर गाड़ी को पानीपत के एरिया से बरामद किया गया था। जिसके बाद 17 अक्टूबर को आरोपी अक्षय पुत्र जगबीर सिंह वासी भैनी खुर्द जिला करनाल, तुषार शर्मा पुत्र विरेन्द्र कुमार वासी मकान नम्बर 275 पोल्ट्री एरिया नीलोखेडी व राजेश कुमार पुत्र अमर सिंह निवासी गांव अन्जन्थली जिला करनाल को मुख्य आरोपी को शरण देने के अपराध में गिरफ्तार किया गया था।

