Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक पुलिस कस्टडी में आरोपी की मौत: परिवार ने थर्ड डिग्री का लगाया आरोप, इलाज के दौरान तोड़ा दम

रोहतक जिले की सीआईए-2 पुलिस की हिरासत में एक 51 वर्षीय आरोपी की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर थर्ड डिग्री टॉर्चर देने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है और आज पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

मृतक की पहचान गांव टिटोली निवासी नरेश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सीआईए-2 टीम ने उसे देर शाम हिरासत में लिया था। रात में तबीयत बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

फिलहाल मामले की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

मृतक नरेश के परिजनों ने सीआईए-2 टीम पर थर्ड डिग्री टॉर्चर करने का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस ने सख्ती के साथ पूछताछ करते हुए गंभीर चोट मारी। जिसके कारण ही उसकी मौत हुई है। परिजनों ने सीआईए टीम पर कार्रवाई करने की मांग की।

पूव्र डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कल ही प्रेस कांफ्रेंस में सीआईए टीम पर गुंडागर्दी करने के आरोप लगाए थे। दुष्यंत चौटाला ने कहा था कि सीआईए टीम बिना वर्दी, बिना नंबर प्लेट की गाड़ी पर काले शीशे लगाकर घूमती है। आम लोगों के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार किया जाता है। रोहतक सीआईए टीम को लेकर भी सवाल उठाया था।

सीआईए-2 इंचार्ज का कहना है कि आरोपी को हार्टअटैक आया है। जिसके कारण रात के समय आरोपी को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान आरोपी की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह में भेजा हुआ है।

Exit mobile version