
मातू राम हलवाई की दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग और 2 करोड़ की फिरौती मांगने के बाद पुलिस के निशाने पर चल रहे भाऊ गैंग के बदमाशों का रात को सोनीपत में STF ने एनकाउंटर किया है। दो को पांव में गोली मारी गई है। इस बीच दो अलग-अलग स्थानों से 6 बदमाशों की गिरफ्तारी हुई है। अब इस मामले में भाऊ गैंग ने पुलिस को चेतावनी देते हुए एनकाउंटर पर विवाद खड़ा कर दिया है। वहीं अब पुलिस इस मामले में पूरा खुलासा करने की तैयारी में है।
भाऊ रिटोलिया की ओर से सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट में कहा है कि पुलिस ने उनके 5 साथियों को शांतिपूर्वक अरेस्ट किया है। उनके बीच कोई मुठभेड़ नहीं हुई। प्रशासन उनके साथ कुछ भी गलत करने की न सोचे। पोस्ट में कहा गया है कि उनके पास 6 विदेशी हथियार, 150 के करीब गोलियां, वाइट कलर की होंडा सिटी कार थी।
गैंग ने इसमें अपने पांच साथियों रोहित छपार, साजिद खान, जतिन बहादुरगढ़, सौरभ फरीदपुर व पहलवान रेवाड़ी को पुलिस द्वारा उठाने की जानकारी दी गई है। बता दें कि पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 3 बदमाशों साजिद खान, जतिन बहादुरगढ़, सौरभ फरीदपुर की गिरफ्तारी की जानकारी दी है। इनमें से 2 साजिद खान व सौरभ को पांव में गोली लगी है।
फिलहाल पहलवान रेवाड़ी और रोहित छपार की गिरफ्तारी को लेकर कोई जानकारी पुलिस ने साझा नहीं की है। हां पुलिस ने तीन अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद ये जरूर बताया है कि रोहित छपार ने ही मातू राम हलवाई की दुकान पर फायरिंग व फिरौती मांगने की साजिश रची थी।
दूसरी ओर सोनीपत पुलिस आज मातू राम मामले और मुठभेड़ व बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर पूरा खुलासा करेगी। इसके लिए पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन दोपहर बाद पत्रकारों से बातचीत करेंगे। बदमाश साजिद की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम रखा गया था।
जानकारी के अनुसार STF सोनीपत की टीम बीती रात को खरखौदा क्षेत्र में बरोणा रोड पर गश्त पर भी। टीम का नेतृत्व SI रामनिवास कर रहे थे। इसी दौरान टीम सूचना के बाद गांव बरोणा में सफेदे के बीच खेतों में पहुंची। वहां होंडा सिटी कार में सवार 3 बदमाश थे। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर फायर किए। पुलिस बदमाशों के पीछे लग गई।
मुठभेड़ में दो युवकों हिसार के बालसमंद निवासी साजिद और फरीदाबाद के फरीदपुर निवासी सौरभ को गोली लगी है। इनके तीसरे साथी झज्जर के गांव जाखौदा निवासी जतिन को पुलिस ने काबू कर लिया।
उसे और सौरभ को सीएचसी खरखौदा लाया गया। डॉक्टरों ने उनको रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि ये तीनों मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग मामले से जुड़े हैं।
साजिद के कब्जे से एक देसी पिस्तौल और 9MM ग्लॉक मिला। पिस्तौल से 8 तो ग्लॉक से 5 जिंदा कारतूस मिले। उस पर 25 हजार का इनाम था। वहीं सौरभ से एक पिस्तौल व 7 कारतूस और जतिन से एक देसी पिस्तौल व 8 जिंदा कारतूस मिले। बरामद हथियारों की कीमत 4 लाख 90 हजार है। ये सभी होंडा सिटी कार में सवार थे।
दूसरी तरफ गोहाना गोलीकांड को लेकर बनी SIT ने 3 और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान सिकंदरपुर माजरा निवासी दीपक स्वामी, राम दिनेश उर्फ दिनेश और दीपिन निवासी सांघी रोहतक के तौर पर हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गोहाना में मातूराम की दुकान पर फायरिंग की साजिश झज्जर के गांव छपार के रोहित ने रची थी। तीनों की मुलाकात 20 जनवरी को रोहित से हुई थी।
गिरफ्तार तीनों युवकों ने मातूराम की दुकान की रेकी की थी। इसके बाद वहां पर 21 जनवरी संडे को वारदात की गई। पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई बाइक को बरामद कर लिया है। पुलिस इनको आज कोर्ट में पेश करेगी। मातूराम हलवाई की दुकान पर हुई वारदात के मामले में पुलिस पहले ही एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए रोहतक के सुंडाना गांव निवासी सागर और हिसार के बालसमंद निवासी सज्जन उर्फ काला को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया था।
गोहाना में पुरानी मंडी के पास शिव चौक पर मातूराम हलवाई की जलेबी की दुकान है। 21 जनवरी को सुबह साढ़े 10 बजे के करीब यहां तीन बदमाश बाइक पर आए थे और इसके बाद उन्होंने दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की। यहां पर 40 के करीब गोलियां चलाई गई। दुकान पर आया दुधिया बिजेंद्र भी गोली लगने से घायल हो गया था। बदमाशों ने यहां पर्ची फेंक भाऊ गैंग के नाम पर 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। बदमाशों ने बाद में पास की एक अन्य दुकान पर भी फायरिंग की थी।
मातू राम की दुकान पर फायरिंग व फिरौती मांगने की वारदात में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर व्यापारियों ने 30 जनवरी को गोहाना बंद किया था। कोई दुकान नहीं खोली गई। हजारों व्यापारियों ने शहर में प्रदर्शन किया। साथ ही पेट्रोल पंप, निजी स्कूल भी बंद रहे और वकीलों ने भी वर्क सस्पेंड रखा था। व्यापारियों ने बदमाशों की एनकाउंटर की मांग की थी।
गोहाना बंद के बाद पुलिस दबाव में थी। क्योंकि पुलिस को व्यापारियों की तरफ से 6 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था। चेतावनी दी गई थी कि 5 फरवरी तक कोई अपराधी नहीं पकड़ा गया तो 6 फरवरी (मंगलवार) को पूरा हरियाणा बंद करेंगे। तब पुलिस के एसीपी ने SIT बनाने का प्रस्ताव व्यापारियों के सामने रखा था।
मातूराम हलवाई की दुकान पर हुई वारदात के मामले में SIT बनाई गई थी। इसमें नरेन्द्र सिंह ACP गोहाना, प्रभारी स्पेशल क्राइम यूनिट गोहाना, प्रभारी स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सोनीपत, प्रभारी AVT स्टाफ सोनीपत, प्रभारी साइबर सेल गोहाना व प्रबंधक थाना शहर गोहाना को शामिल किया गया था।
