Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गुरुग्राम में हरियाणवीं सिंगर पर फायरिंग का आरोपी अरेस्ट:फाजिलपुरिया के आने-जाने की रेकी की, मौका मिलते ही चलाई गोलियां, सोनीपत का रहने वाला

हरियाणवी सिंगर राहुल यादव फाजिलपुरिया पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट कर लिया है। आरोपी की पहचान सोनीपत जिले के जाजल गांव निवासी विशाल (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि इसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फाजिलपुरिया के आने-जाने के समय और रुकने के स्थान आदि की रेकी की थी। रेकी करने के लिए यह गुरुग्राम में कई बार आकर अलग-अलग गेस्ट हाउस में ठहरा।

वारदात के दिन भी इसने रेकी करते हुए उसकी सूचना अपने साथियों को दी थी, जिसके आधार पर इसके साथियों ने वारदात को अंजाम दिया।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ चल रहा हो, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है। इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की जा सकती। वहीं फाजिलपुरिया ने भी पूरे मामले में मीडिया से दूरी बना रखी है। फाजिलपुरिया पर सोमवार रात को गुरुग्राम के साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर फायरिंग हुई थी। उसने थार भगाकर अपनी जान बचाई थी।

सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में 5 करोड़ रुपए के लेन-देन को लेकर फायरिंग करने का दावा किया गया है। सुनील सरधानिया नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी ली। उसने दावा किया कि फाजिलपुरिया ने रुपए लिए और जब सेलिब्रिटी बन गया तो फोन उठाना बंद कर दिया।

उसने फाजिलपुरिया को एक महीने का टाइम देते हुए कहा कि रुपए वापस कर इस मामले को खत्म करें। वर्ना हर महीने उसके एक जानकार या रिश्तेदार को मारा जाएगा। उसने ये भी दावा किया कि उसका मकसद सिर्फ फाजिलपुरिया को डराना था।

Exit mobile version