उपायुक्त डॉ. यशपाल ने जिला के प्रभावित किसानों को आश्वस्त किया है कि उन्हें मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा के अनुरूप एक माह के भीतर राहत प्रदान कर दी जाएगी। जिला के गांव करौंथा के किसान आज उपायुक्त कैंप कार्यालय में उपायुक्त से मिले और उन्हें फसल खराब के बारे में बताया।
डॉ. यशपाल ने कहा कि प्रभावित किसानों को कतई चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा नहीं करवाया है उन किसानों को भी राज्य सरकार ने मुआवजा देने का निर्णय लिया है। लेकिन ऐसे सभी किसानों को 3 अप्रैल तक ई-फसल क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। उन्होंने कहा कि रबी-2023 फसलों में हुई क्षति से किसानों को राहत देने के उद्देश्य से ही ई-फसल क्षतिपूर्ति पोर्टल को 3 अप्रैल तक पुन: खोला गया है।
इसके साथ ही उपायुक्त डॉ. यशपाल ने यह भी कहा कि ई-फसल क्षतिपूर्ति पर सूचना देने के लिए किसानों को मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर भी फसल का पंजीकरण अनिवार्य रूप से करवाना होगा। उन्होंने कहा कि जिला में गिरदावरी का कार्य पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है और जल्द ही आंकलन करके रिपोर्ट सरकार को प्रेषित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने पारदर्शी प्रणाली से क्षतिग्रस्त फसलों के लिए आंकलन, सत्यापन और मुआवजा देने की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि मुआवजा राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जाएगी।
