Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत में दर्दनाक हादसा: पंचर कार का टायर बदल रहे 3 दोस्तों को ट्रक ने कुचला, 2 की मौत, 1 जिंदगी और मौत से जूझ रहा

हरियाणा के सोनीपत जिले में नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गन्नौर क्षेत्र में शान-ए-पंजाब ढाबे के पास सड़क किनारे पंचर हुई कार का टायर बदल रहे तीन दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी के अनुसार तीनों युवक अस्पताल में भर्ती अपने एक परिचित का हालचाल पूछकर कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-44 पर उनकी कार का टायर पंचर हो गया। उन्होंने कार को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदलना शुरू किया, तभी पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक कई फीट दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक दो युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।हादसे में फरीदाबाद निवासी सुनील और गन्नौर के गांव शाहपुर तगा निवासी मोहित की मौत हो गई, जबकि उमेश गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।मृतक मोहित एक निजी कंपनी में नौकरी करता था, जबकि सुनील खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। दोनों शादीशुदा थे और अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।सूचना मिलते ही बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ट्रक की पहचान कर आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन खराब होने की स्थिति में सुरक्षा संकेतक (Warning Triangle) लगाकर और पूरी सावधानी बरतकर ही मरम्मत का कार्य करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Exit mobile version