Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भतीजी की शादी से घर लौट रहे परिवार के साथ हुआ हादसा, ट्रक में जा घुसी कार, 1 की मौत

पानीपत नेशनल हाइवे पर गांव बडौली के पास एक बड़ा हादसा हो गया। जहां भतीजी की शादी से लौट रहे परिवार की गाड़ी जीटी रोड पर लापरवाही से खड़े किए गए एक ट्रक में जा घुसी। हादसे में गाड़ी चला रहे दुल्हन के चाचा की मौत हो गई जबकि कार सवार दो महिलाओं सहित दो बच्चे गंभीर रुप से घायल हो गए। मृतक धागा मिल फैक्ट्री संचालक था। 

मृतक का भाई संजीव मित्तल ने बताया कि 4 नवंबर को उसकी भतीजी नेहा की शादी करनाल में थी। शादी में पूरा परिवार गया था। सुबह डोली विदा होने के बाद परिजन गाड़ियों में सवार होकर वापस पानीपत लौट रहे थे। उसके बड़े भाई 46वर्षीय सतीश मित्तल की गाड़ी में भाभी रेखा, भतीजी मुस्कान, भतीजा साहिल व दूसरी भाभी कमलेश पत्नी विनोद सवार थे। उसने बताया कि उसके भाई सतीश की गाड़ी उससे आगे ही चल रही थी। जब वह जीटी रोड पर बडोली गांव के पास पहुंचे, तो वहां नेशनल हाईवे पर ट्रक खड़ा हुआ था। देखते ही देखते भाई सतीश की गाड़ी पीछे से ट्रक में जा घुसी। जिससे गाड़ी में बैठे भाई सतीश, दोनों भाभियों व भतीजा और भतीजी को काफी चोटें लगी है। राहगीरों की मदद से गाड़ी में से सभी को बाहर निकाला गया। जिन्हें अस्पताल ले जाया गया तो रास्ते में सतीश की मौत हो गई। 

वहीं मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी ट्रक चालक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

Exit mobile version