हरियाणा के हिसार जिले में भादरा रोड पर गांव बालसमंद और भिवानी रोहिला के बीच नहर पुल के पास बनी दुकानों के सामने सुबह करीब 10 बजे एक ऑल्टो कार की रोडवेज बस से टक्कर हो गई। टक्कर के कारण कार व बस दोनों का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, बस में किसी को कोई चोट नहीं आई। मौके पर पहुंची बालसमंद चौकी पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक की पहचान राजस्थान के गांव झांसल वासी 46 वर्षीय छाज्जूराम के रुप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बालसमंद चौकी इंचार्ज ने बताया कि हादसा सुबह 10 बजे के करीब हुआ। रोडवेज बस बालसमंद की तरफ से आ रही थी। वहीं कार चालक हिसार की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान दोनों में बालसमंद में भिवानी रोहिल्ला की तरफ जाने वाले रास्ते पर स्थित चौक पर भिड़ंत हो गई। सूचना मिलने पर पहले 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद भारी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे।
हादसा इतना भयंकर था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। कार का अगला हिस्सा ड्राइवर सीट तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक कार में बुरी तरह से फंस गया था, जिसके कारण घायल को कार निकालने व अस्पताल पहुंचाने में काफी समय लग गया। तब तक वह दम तोड़ चुका था
