Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बहादुरगढ़ में KMP एक्सप्रेस-वे के पास हुआ हादसा: ट्रॉले और कैंटर की हुई भीषण टक्कर, एक की मौके पर ही मौत

बहादुरगढ़ में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर गांव जसोरखेड़ी के पास ट्रॉले और कैंटर की भीषण टक्कर हुई। हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने चालक का शव बहादुरगढ़ नागरिक अस्पताल में रखवा दिया। परिजनों के बहादुरगढ़ पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू होगी।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक चालक की पहचान फूलन मंडल (45) मूलरूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले का निवासी था। दिल्ली के हिरण कूदना में स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी में बतौर चालक के रूप में कार्य कर रहा था। शुक्रवार रात वह सोनीपत की ओर से बहादुरगढ़ साइड जा रहा था। KMP पर जब गांव जसोरखेड़ी के निकट पहुंचा तो सड़क पर खड़े ट्रॉला से कैंटर टकरा गया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना पाकर आसौदा थाने से पुलिस दुर्घटना स्थल पर पहुंची। कैंटर के केबिन की हालत हादसे की भयावता बता रही थी। केबिन काटकर जैसे-तैसे फूलन के शव को निकाला जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो सड़क पर खड़े ट्रॉला के इंडिकेटर चालू नहीं थे। रात में अंधेरे के कारण कैंटर सीधा जा टकराया। फूलन को नींद की झपकी आने के बाद हादसा होने की आशंका भी जताई जा रही है। खैर, असल वजह अभी जांच का विषय है। ट्रॉला का चालक फरार है। पुलिस गाड़ी के नंबरों के आधार पर आरोपी चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

मामले में जांच कर रहे एएसआई योमेश कुमार ने बताया कि शव को अस्पताल में रखवा दिया है। फूलन के कुछ परिचित फरीदाबाद में रहते हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है। परिजनों के बयान के बाद ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई जाएगी

Exit mobile version