हरियाणा के रोहतक में इनेलो के राष्ट्रीय अभय सिंह चौटाला ने DC सचिन गुप्ता को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। अभय चौटाला ने लोगों को संबोधित करते हुए DC सचिन गुप्ता को खुद चलकर ज्ञापन लेने आने की बात कही थी। उन्होंने DC को इसके लिए आधे घंटे का अल्टीमेटम दिया था। अभय की चेतावनी मिलने के महज 5 मिनट के भीतर DC वहां पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने ज्ञापन लिया।
दरअसल, बारिश के कारण खेतों में हुए जलभराव की निकासी न होने के कारण इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) की तरफ से शहर में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व अभय सिंह चौटाला ने किया। वे लोगों के साथ ज्ञापन देने के लिए लघु सचिवालय पहुंचे थे।
इनेलो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंद्र सिंह ने बताया कि खेतों में पानी भरा हुआ है। फसल की बिजाई नहीं होगी। लेकिन सरकार इस तरफ ध्यान नहीं दे रही। अभी तक गिरदावरी भी नहीं करवाई है। एक महीने पहले नोटिस दिया था, लेकिन आज तक पानी नहीं निकला। अगर इसके बाद भी सरकार ने किसानों की समस्या का समाधान नहीं किया तो आगे बड़ा कदम उठाया जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष बलवान सुहाग ने कहा कि प्रदेश का अन्नदाता दुखी है। खेतों से पानी नहीं निकाला जा रहा। एमएसपी पर फसलों की खरीद नहीं हो रही। मुआवजा नहीं दिया जा रहा। जिस देश का अन्नदाता दुखी होगा, वो तरक्की नहीं कर सकता। इसलिए आज पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं और डीसी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया है।
प्रदर्शन से पूर्व सभी इनेलो कार्यकर्ता मानसरोवर पार्क में एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जलभराव, भावांतर व फसल खरीद में हो रही धांधलियों को लेकर रोष प्रकट किया। विरोध प्रदर्शन मानसरोवर पार्क से लेकर डीसी ऑफिस तक किया और ज्ञापन देकर किसानों की समस्या का समाधान करने की मांग की।
इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला की आधे घंटे वाली चेतावनी देने के बाद डीसी सचिन गुप्ता मौके पर पहुंचे और अभय चौटाला से ज्ञापन लिया। साथ ही आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन राज्यपाल के पास पहुंचा दिया जाएगा। इस दौरान डीसी व अभय चौटाला के बीच बातचीत भी हुई।
