बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को कथित तौर पर लॉरेंस गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गैंग की तरफ से जारी एक पत्र और ऑडियो संदेश में आमिर खान की हाल ही में हुई गौरी स्प्रैट से शादी को ‘लव जिहाद’ बताया गया है।
बताया जा रहा है कि धमकी भरे पत्र में देश की संस्कृति के खिलाफ काम करने वालों को चेतावनी दी गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक मुंबई पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और आमिर खान की टीम ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
धमकी वाले इस पोस्ट में लिखा है, “जय श्री राम, जय सीता राम। मैं आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई (लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप)… ये जो हमारी संस्कृति के खिलाफ हमारे देश में लव जिहाद के नाम पर आमिर खान जैसे लोग इसको बढ़ावा दे रहे हैं। हम इस कृत्य को बर्दाश्त नहीं करेगे और इसका जवाब बहुत जल्द इसको दे दिया जाएगा। “पोस्ट में इसे सनातन धर्म और इसे देश के खिलाफ बताया गया है। साथ ही यह भी लिखा कि हमारा हमारे भाई-बहनों और देशवासियों से वादा है की जो भी इन घटिया हरकतों को बढ़ावा देगा उसको हम अपने तरीके से जवाब देंगे। ये जो स्टारडम के नाम पर इस चीज को बढ़ावा दे रहे है, इनकी हम सांसे दबा देंगे।
वहीं, शादी को लेकर उठे विवाद पर आमिर खान पहले ही सफाई दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी तीनों शादियां सिविल मैरिज रही हैं और किसी भी पत्नी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया। आमिर ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी तीसरी पत्नी गौरी स्प्रैट हिंदू नहीं बल्कि ईसाई हैं।
गौरतलब है कि आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने 5 जुलाई को मुंबई में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर्ड मैरिज की थी। शादी के बाद से सोशल मीडिया और कुछ संगठनों की ओर से इसे लेकर लगातार विवाद खड़ा किया जा रहा है।
