रोहतक में चिराग योजना को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लवलीन टुटेजा ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मनोहर सरकार अब प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद करने की राह पर चल रही है। इसलिए सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों से 500 रुपए फीस वसूल रही है और प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने पर अनुदान दिया जा रहा है। इससे सरकार की मंशा साफ दिख रही है, जिसे आप कभी भी सहन नहीं करेगी। उन्होंने यह बात शनिवार को रोहतक में पत्रकार वार्ता के दौरान कही
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लवलीन टुटेजा ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में ऐसी योजना ला रही है, जो जनता के लिए नुकसानदायक है। प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार से उम्मीद लगाए हुए थी कि जन हित की नीतियां लाएंगे, लेकिन सरकार ने शिक्षा विभाग के माध्यम से चिराग योजना लागू की है, जिसके तहत सरकारी स्कूलों में प्रत्येक विद्यार्थी से 500 रुपए फीस के नाम पर लिए जाएंगे। ऊपर से सरकारी स्कूलों के हालात खराब हैं, इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं हैं और अध्यापक उपलब्ध नहीं हैं।इसके बावजूद 500 रुपये फीस रखने के पीछे सरकार की मंशा स्कूलों को बंद करने की है। दूसरी तरफ सरकार ने प्राइवेट स्कूलों को बढ़ावा देने के लिए जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख से कम है, उन परिवार के बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में 1100 रुपए अनुदान की घोषणा की है, जिससे सरकार अब सरकारी स्कूलों को बंद करके प्राइवेट स्कूलों को बढ़ावा देना चाहती है, क्योंकि प्राइवेट स्कूल बड़े धन्ना सेठों व नेताओं के हैं।
आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है। रणनीति बनाकर सड़कों पर आने की जरूरत होती तो निश्चित तौर पर आप सड़कों पर भी आएगी। दिल्ली में जिस प्रकार सरकारी स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर व शिक्षा में सुधार किया गया है। उसी प्रकार आप हरियाणा में भी सुधार चाहती है।
प्रदेश प्रवक्ता लवलीन टुटेजा ने कहा कि लगातार संगठन को सक्रिय किया जा रहा है और नए लोगों को जोड़ा जा रहा है। भाजपा व कांग्रेस ने संगठन खड़ा करने में वर्षों लगा दिए और आप तो 9 साल पहले बनी पार्टी है और दो राज्यों में सत्ता में है। 2024 में हरियाणा में भी आप की सरकार बनेगी।

