Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक की टूटी सड़कों, गंदे पेयजल व बिजली की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी का धरना प्रदर्शन।

रोहतक में AAP ने शहर की बदहाल सड़क व्यवस्था, सीवर व पेयजल की व्यवस्था दुरुस्थ करने के लिए धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा व कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि मूलभूत सुविधाओं को भी रोहतक की जनता तरस गई है। जिसके कारण AAP को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

AAP के प्रदेश प्रवक्ता लवलीन टूटेजा ने कहा कि जनता ने जिन जन प्रतिनिधियों को सत्ता तक पहुंचाया आज वे रोहतक की सुध तक नहीं ले रहे। उन्हें अपने बच्चों की चिंता हो रहे हैं। जन प्रतिनिधि सोच रहे हैं कि उनके बेटे सांसद व विधायक कैसे बनेंगे। उन्हें रोहतक वासियों की समस्या से कोई सरोकार नहीं। सड़कें खस्ताहाल है, डेढ़-डेढ़ फीट तक के गड्ढे हैं और सीवर व्यवस्था ठप पड़ी है। वहीं पीने तक का साफ पानी नहीं हैं।

लवलीन टूटेजा ने कहा कि जनता अपनी मेहनत की कमाई टैक्स के रूप में सरकार को देती है, लेकिन जनता को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही। अगर सड़क, सीवर व पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेश व्यापी आंदोलन चलाएंगे। ताकि जनता की समस्याओं का समाधान करवाया जा सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने भ्रष्ट्राचार को बढ़ावा दिया है। मुख्यमंत्री ने फ्रेंचाइजी मॉडल को विकसित किया हैं। हर जिले का एक ठेकेदार बनाया है और वह जमकर लूट कर रहा है। मुख्यमंत्री के मंच से सांसद खुद साढ़े तीन सौ करोड़ लूट की बात कहते हैं, लेकिन सीएम खुद उस पर मौन रहते हैं। ना ही जांच की बात करते हैं और ना कोई ठोस कदम उठाते हैं।

विरोध प्रदर्शन के दौरान राधा व मनीषा सुहाग ने कहा कि पानी इतना गंदा सप्लाई हो रहा है कि जिसे पीना तो दूर अन्य कार्यों में भी इस्तेमाल नहीं कर सकते। जो बच्चे पानी को पीते हैं, वे बीमार पड़ रहे हैं और अस्पतालों में भर्ती हैं। गलियों में गड्‌ढे हो चुके हैं, जिसके कारण हादसे भी हो रहे है। जिससे लोग चोटिल होते हैं और वाहन भी खराब होते हैं।

एडवोकेट डा. निर्मला ने कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिल रही। सीवर बैक मारने के कारण घरों में गंदा पानी भरा रहता है। पिछले दिनों बरसात लोगों के लिए आफत बन गई थी। वहीं महिलाओं को बाल्टियों से घरों का गंदा पानी निकालना पड़ा था। मूलभूत सुविधाएं प्रशासन भी अपने स्तर पर दुरुस्त कर सकता है। लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा।

Exit mobile version