रोहतक में एक युवक पर घर के बाहर बुलाकर तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। युवक को बचाने बीच में आई मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

पीड़ित संतकुमार ने बताया कि वह गांव गिरावड़ का रहने वाला है और खेतीबाड़ी करता है। सुबह घर पर बैठा था, इसी दौरान आरोपी विनोद उनके घर के बाहर आकर चिल्लाने लगा और घर के बाहर बुलाया। घर के बाहर आते ही आरोपी ने चाकू से उस पर हमला कर घायल कर दिया। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर गया है।

संतकुमार ने बताया कि उसका भाई फुलकुमार रोहतक रहता है और उसे दूध व लस्सी पहुंचाने के लिए गिरावड से रोहतक रोडवेज बस चलाने वाले आनंद को फोन किया था। फोन किसी ने उठाकर रख दिया। थोड़ी देर बाद आनंद का भाई विनोद घर के सामने आकर गाली-गलौच करते हुए चिल्लाने लगा।

संतकुमार ने बताया कि आरोपी विनोद ने चाकू से उसके ऊपर सीधा वार किया। जब चाकू को हाथ से पकड़ा तो आरोपी ने उसे जोर से खींच लिया, जिससे वह घायल हो गया। आरोपी ने कहा कि उसके भाई आनंद को फोन क्यों किया। आरोपी ने दो से तीन बार चाकू से वार किए, जो उसके हाथ के नीचे छाती और बांए हाथ पर लगा।

संतकुमार ने बताया कि हमले के दौरान उसकी मां बीच बचाव करने आई तो आरोपी ने उसकी मां पर भी चाकू से वार कर दिया, जो महिला के पेट में लगा। चाकू लगने के कारण महिला जमीन पर गिर गई। राहगीरों ने बीच बचाव करते हुए उन्हें आरोपी से छुड़वाया। आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।

थाना लाखनमाजरा के जांच अधिकारी एसआई प्रदीप ने बताया कि एक युवक पर जानलेवा हमला करने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मां-बेटा घायल मिले। पुलिस ने मामले में घायल संतकुमार की शिकायत पर आरोपी विनोद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी विनोद की तलाश कर रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!