Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

महम के युवक से 58 हजार की ठगी: पासपोर्ट अपडेट के नाम पर फंसाया, पहले 2 रुपए ट्रांसफर कराकर मोबाइल किया हैक

रोहतक जिले के महम में एक युवक के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पासपोर्ट अपडेट करने का झांसा देकर उसके बैंक खाते से 58 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस को दी शिकायत में महम के गोयत पाना निवासी रितिक ने बताया कि उसने पासपोर्ट बनवाया था और उसके आने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि उसका पासपोर्ट होल्ड पर है। इसके बाद उसे एक अन्य मोबाइल नंबर दिया गया और कहा गया कि उस पर 2 रुपए भेजकर अपना पता अपडेट कर ले।

रितिक ने गूगल पे के माध्यम से बताए गए नंबर पर 2 रुपए ट्रांसफर कर दिए। पैसे भेजते ही उसके मोबाइल फोन की स्क्रीन अचानक काली पड़ गई और करीब 30 मिनट तक फोन काम नहीं करता रहा।

जब फोन दोबारा चालू हुआ तो रितिक ने अपना बैंक बैलेंस चेक किया, जिसमें पता चला कि उसके खाते से 58 हजार रुपए कट चुके थे। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गया है। जिन नंबरों से उसे कॉल आई थी, वे भी उसके फोन से डिलीट हो चुके थे।

पीड़ित रितिक ने पुलिस से मांग की है कि ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसकी रकम वापस दिलाई जाए।

Exit mobile version