Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में शादी में आये युवक की मामूली कहासुनी में पीटपीट कर हत्या, दूल्हे के भाई समेत कई पर केस दर्ज

हरियाणा के रोहतक शहर की एकता कॉलोनी में शादी समारोह में डीजे पर नाचते वक्त युवकों का आपस में विवाद हो गया। विवाद के दौरान पड़ोस के एक युवक की ईंटों, नुकीली चीजों से वार करके हत्या कर दी गई। हत्या करने में दूल्हा के भाई समेत 3 नामजद और अन्य युवक शामिल रहे। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया । मृतक शादीशुदा था और उसका एक बेटा भी है।

शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस को दी शिकायत में सूरज ने बताया कि वह एकता कालोनी का रहने वाला है। वे चार भाई और दो बहनें हैं। 25 नवंबर को कॉलोनी के ही रहने वाले अजय की शादी थी। शादी में वह अपने भाई सुभाष (27) के साथ गया था। रात करीब 10 बजे अजय के घर के सामने डीजे बज रहा था।

डीजे के सामने नाचते हुए सुभाष, विजय, सन्नी निवासी एकता कॉलोनी व काला निवासी राजीव कालोनी और एक दो अन्य के साथ कहासुनी हो गई थी। कहासुनी के दौरान विजय ने सुभाष के सिर में गली में पड़ी हुई ईंट मारी। सन्नी ने सुभाष पर किसी नुकीले हथियार से वार भी किए। काला समेत दो अन्यों ने सुभाष के साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की और मौके से फरार हो गए।

इस वारदात के बाद एक ओर जहां मृतक युवक के घर मातम छाया है, वहीं दूसरी ओर शादी समारोह वाले घर में भी दूल्हे के भाई पर हत्या के आरोप से मातम छा गया है। अभी मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। सुभाष वैल्डिंग का काम करता था। वह शादीशुदा था व तीन साल के बेटे का पिता था।

Exit mobile version