Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

जींद में ढाबे पर युवक को कनपटी पर मारी गोली; पहले ईंटों से पीटा फिर बाहर घसीट मारी गोली– बेरहमी से उतारा मौत के घाट

जींद के गांव भंभेवा के पास एक होटल पर कुछ लोगों का आपस में झगड़ा हो गया था। इसमें एक युवक की ईंटों से वारकर और बाद में कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने 3 लोगों को नामजद कर 4 लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भंभेवा गांव निवासी रवि ने पुलिस को बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उसके ताऊ के लड़के अशोक ने पिल्लूखेड़ा रोड पर रॉयल ढाबा खोला हुआ है। उसका छोटा भाई राहुल रात को ढाबे पर चाय पीने के लिए आया हुआ था। रात को डेढ़ बजे उसके पास ढाबा संचालक अशोक के साथी साहब सिंह ने फोन पर सूचना दी कि राहुल को कुछ लोग मार रहे हैं।

गांव लुदाना निवासी साहिल, आशीष व निजामपुर निवासी साहिल और कई अन्य युवक हथियारों के साथ ढाबे पर आए थे। उन्होंने रंजिशन राहुल पर ईंटों के साथ वार कर दिया। इसके बाद घसीटते हुए ढाबे से बाहर ले आए और उसकी कनपटी पर गोली मार दी। इसमें वह लहुलुहान हो गया। उसे गंभीर हालत में जींद के सिविल अस्पताल ले जाया गया, यहां से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। वहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

रवि ने बताया कि राहुल ने उसे बताया था कि लुदाना निवासी साहिल, आशीष उस पर ईंटों से वार किया, जबकि निजामपुर निवासी साहिल ने उसे गोली मारी। उनके साथ एक अन्य युवक ने भी फायर करने की कोशिश की थी, लेकिन गोली नहीं चली। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि होटल में युवक को गोली मारी गई है। पुलिस ने तीन युवकों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version