Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में कैफे चला रहे युवक की पीट-पीटकर हत्या, अस्पताल में शव छोड़ भागे थार सवार

रोहतक। पुराना आईटीआई मैदान के नजदीक कैफे चला रहे कैलाश कॉलोनी के 22 वर्षीय शुभम की रविवार तड़के पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे पैसे का लेनदेन बताया जा रहा है। परिजनों ने शहर के दो फाइनेंसरों पर शुभम की हत्या का शक जताया है। सीआईए द्वितीय आरोपियों की तलाश में जुटी है। रविवार देर रात पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। सोमवार को पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराएगी।

पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह 10:15 बजे सूचना मिली कि सुभाष रोड स्थित मान अस्पताल के सामने एक थार आकर रुकी। उसमें से उतरे दो युवक गोद में तीसरे युवक को अंदर लेकर आए और स्ट्रेचर पर लेटा दिया। बोले-इसकी तबीयत खराब है। डाॅक्टरों ने जांच की तो युवक पहले ही दम तोड़ चुका था। शरीर पर जगह-जगह डंडों से पीटने के निशान थे।

युवक बोले-वे जींद बाईपास की तरफ से कागजात लेकर आते हैं। इसके बाद थार में सवार होकर गोहाना अड्डे की तरफ चले गए। काफी देर तक जब युवक नहीं लौटे तो अस्पताल प्रबंधन की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। आर्य नगर थाने से प्रभारी बिजेंद्र सिंह व एएसआई प्रदीप मौके पर पहुंचे।
उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दोनों युवक दिखाई दे रहे थे। थोड़ी देर बाद सीआईए द्वितीय की टीम भी आ गई। इसी बीच एक युवक ने उन दोनों युवकों को पहचान लिया, जो शव छोड़कर भागे थे। उसने बताया कि दोनों युवक फाइनेंसर के तौर पर काम करते हैं।
इसी बीच पता चला कि कैलाश कॉलोनी निवासी शुभम ने फाइनेंसरों से पैसे ले रखे थे। आशंका जताई कि पैसे के लेनदेन के चलते ही शुभम की पीट-पीटकर हत्या की गई है। रविवार देर रात पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
पता चला है कि आरोपी फाइनेंस का काम करते हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रहे हैं। एक आरोपी झज्जर का रहने वाला है। उसका शहर के विजय नगर में आना-जाना लगा रहता है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा।
– सतीश कादियान, प्रभारी सीआईए द्वितीय

परिवार में देर रात तक शुभम की हत्या की सूचना उसके भाई व बहन को थी। परिवार के अन्य सदस्यों को इतना पता था कि शुभम अभी लापता है। बहन ने कहा कि भाई की हत्या की बात रात को माता-पिता को नहीं बताना चाहते थे। शुभम ने दो माह पहले ही पुराना आईटीआई मैदान के पास कैफे खोला था।

Exit mobile version