Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

बेटा ना होने पर महिला को घर से निकाला…दो बेटियों संग थाने पहुची महिला,महिला बोली इंसाफ चाहिए

गुरुग्राम में एक 26 वर्षीय महिला ने अपने पति और ससुरालवालों पर मारपीट व मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि बेटा न होने की वजह से उसे लगातार ताने दिए गए, प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया।

मंगलवार देर रात पीड़िता अपनी दो छोटी बेटियों के साथ सेक्टर-10 थाना पहुंची और पुलिस से सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई। थाने के बाहर रोते हुए महिला ने कहा कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह अपनी बेटियों के साथ आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो जाएगी।

बेटियों के जन्म के बाद बदला व्यवहार

दिल्ली के पहाड़गंज निवासी मानसी की शादी 3 फरवरी 2020 को गुरुग्राम के खांडसा निवासी ट्रांसपोर्टर मोहित गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद मानसी ने दो बेटियों को जन्म दिया। बड़ी बेटी पांच साल और छोटी तीन साल की है।

महिला का आरोप है कि बेटियों के जन्म के बाद ससुरालवालों का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उसे बेटा न होने के ताने दिए जाने लगे और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

किराए के मकान में भी होती रही मारपीट

मानसी के अनुसार, ससुराल से निकाले जाने के बाद वह पति के साथ खांडसा में किराए के मकान में रहने लगी, लेकिन वहां भी प्रताड़ना बंद नहीं हुई। आरोप है कि पति शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। मंगलवार रात भी उसके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद वह बेटियों को लेकर थाने पहुंची।

महिला ने अपने शरीर पर चोट के निशान भी दिखाए। उसका कहना है कि मारपीट में उसके कंधे और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं।

दूसरी शादी कराने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके सास-ससुर पति को लगातार उसके खिलाफ भड़काते हैं और दूसरी शादी कराने की तैयारी कर रहे हैं। महिला का कहना है कि ससुराल पक्ष उसे घर से निकालने की साजिश रच रहा है ताकि भविष्य में वह दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज न करा सके।

पुलिस ने कराया मेडिकल

महिला का कहना है कि उसने पहले भी पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार देर रात सेक्टर-10 थाना पहुंचने पर पुलिस ने उसका मेडिकल करवाया और सुरक्षित घर पहुंचाया।

पुलिस बोली- जांच जारी

सेक्टर-10 थाना SHO दिलबाग सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पति से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

A woman was thrown out of her home for

Exit mobile version