हिसार जिले के गांव चूली बागड़ियान से फतेहाबाद जिले के गांव हरिपुरा टूर्नामेंट खेलने जा रहे फुटबॉल खिलाड़ियों की गाड़ी शनिवार को हादसे का शिकार हो गई। गांव खाबड़ा के पास चलती टाटा मैजिक का टायर अचानक पंक्चर हो गया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के समय वाहन में कुल 16 खिलाड़ी सवार थे।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, सभी को निकाला बाहर
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। एक-एक कर सभी खिलाड़ियों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को भट्टू सीएचसी पहुंचाया गया।
पांच खिलाड़ियों को फतेहाबाद रेफर
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गंभीर रूप से घायल खिलाड़ी विजय, बिल्लू, सुनील, दिनेश और क्षतिज को फतेहाबाद रेफर किया गया है। इनमें से एक खिलाड़ी के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है।
अन्य खिलाड़ियों पंकज, अमन, विकास, हिमांशु, ज्ञानेंद्र, मुकेश, रोहतास, कुलदीप और अनुज को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
चूली बागड़ियान की अकादमी में करते हैं अभ्यास
जानकारी के मुताबिक सभी खिलाड़ी आदमपुर क्षेत्र के गांव चूली बागड़ियान की फुटबॉल अकादमी में अभ्यास करते हैं। उन्हें गांव हरिपुरा में आयोजित टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए भेजा गया था। जैसे ही गाड़ी खाबड़ा कलां के पास पहुंची, अचानक टायर पंक्चर हो गया और चालक का संतुलन बिगड़ने से वाहन पलट गया।
15 से 35 वर्ष के बीच हैं खिलाड़ी
घायल सभी खिलाड़ियों की उम्र 15 से 35 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद खिलाड़ियों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है, हालांकि सभी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

