जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब अमरनाथ यात्रा पर निकले कुछ यात्री कार में सवार होकर जा रहे थे। बट्टल के बल्लियां इलाके के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस कार में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें से 5 लोग घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात ये है कि सभी घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

उधमपुर में तैनात सीआरपीएफ की 137 बटालियन के अधिकारी करतार सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया, “कार में 8 लोग बैठे थे। ट्रक की टक्कर से 5 लोग घायल हो गए। उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।” यह हादसा तब हुआ जब अमरनाथ यात्रा का 16वां जत्था जम्मू से पवित्र अमरनाथ गुफा की ओर जा रहा था।

गुरुवार को भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था। खराब मौसम के चलते रास्तों पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई थी जिससे यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा रोकी गई थी।

हालांकि आज मौसम में सुधार के बाद अमरनाथ यात्रा को फिर से शुरू कर दिया गया। शुक्रवार सुबह, लगभग 7,908 तीर्थयात्रियों का 16वां जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू से रवाना हुआ। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने इस बार यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं।

हालांकि सड़क हादसे में कुछ लोग घायल हुए, फिर भी श्रद्धालुओं के हौसले में कोई कमी नहीं दिखी। सभी यात्री भक्ति और श्रद्धा के साथ यात्रा में शामिल हो रहे हैं और अमरनाथ बाबा के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!