Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

एक परिवार पर काल बनकर आया ट्रक, भीषण टक्कर में एक ही घर के  4 लोगों की हुई मौत

झारखंड की राजधानी रांची से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां पल भर में ही एक परिवार खत्म हाे गया। एक ऑटोरिक्शा और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।दुर्घटना बुधवार की रात अंगारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रांची-पुरुलिया रोड पर चामघाटी में हुई।

पुलिस ने बताया कि ‘‘घटना में दो महिलाओं समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे इलाज के लिए रांची के राजेन्द्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया है।” पुलिस के अनुसार, ऑटोरिक्शा रांची जा रहा था, तभी मुरी की ओर जा रहे एक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे भीषण टक्कर हुई और ट्रक पलट गया। 

पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक मौके से भाग गया।  मृतकों की पहचान ऑटो चालक शेख गयासुद्दीन, उसकी मां आयशा खातून, पत्नी जोराद्दीन और बेटे शेख अमान के रूप में हुई है। परिवार रांची के कांटाटोली इलाके में रहता था। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version