Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक परीक्षा देने आए BTECH के छात्र की ऑटो पलटने से मौत: शीला बाय पास पर हुआ हादसा, आरोपी फरार

रोहतक में परीक्षा देने आए बीटेक फाइनल ईयर के छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादस उस समय हुआ, जब विद्यार्थी परीक्षा देने के बाद ऑटो में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में ऑटो पलट गया और इसमें छात्र को गंभीर चोटें लगीं। रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया।

सोनीपत के गांव आंवली निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा बेटा मोहित बीटेक फाइनल वर्ष का छात्र है। वह परीक्षा देने के लिए वैश्य कॉलेज रोहतक आया था। परीक्षा खत्म होने के बाद मोहित ऑटो में वापस जा रहा था। मोहित शीला बाइपास से एक ऑटो में सवार होकर गांव भालौठ के लिए चला था।

ऑटो में 5-6 युवक भी सवार थे। चालक ऑटो को तेज गति से व लापरवाही से चला रहा था, जिसके कारण ऑटो शीला बाइपास से कुछ दूर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार मोहित को भी चोटें आईं। वहीं अन्य सवारियां भी घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक ऑटो लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। मोहित को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में लाया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार वाले भी पहुंचे। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मोहित को मृत घोषित करके सूचना पुलिस को दे दी। जांच अधिकारी नवरत्न ने बताया कि मृतक मोहित के पिता राजेश कुमार के बयान दर्ज किए गए हैं। बयानों के आधार पर ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Exit mobile version