Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक के गांव में खेल स्टेडियम बनेगा:नगर निगम ने दी मंजूरी; चौपालों के नवीनीकरण और विकास कार्यों पर भी होगा फोकस

नगर निगम ने बलियाणा गांव में खेल स्टेडियम बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और इसे जल्द पूरा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। स्टेडियम बनने के बाद खिलाड़ियों को प्रशिक्षण लेने में सुविधा मिलेगी और आसपास के गांवों से भी बेहतर खिलाड़ी सामने आ सकेंगे।

पिछले दिनों हुई हाउस की बैठक में पार्षद परीक्षित देशवाल ने कई मांगें रखी थीं, जिन पर काम शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। इनमें बिजली लाइन को शहरी क्षेत्र से जोड़ना, नालों की सफाई और चौपालों का जीर्णोद्धार जैसे कार्य शामिल हैं। निगम कमिश्नर ने भी अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

नगर निगम क्षेत्र में आने वाले गांवों को शहरों की तरफ से सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। इन गांवों में पार्कों का निर्माण, लाइब्रेरी, 24 घंटे बिजली की सुविधा, चौपालों का निर्माण, सीवर व पीने के पानी की समस्या, नाले की सफाई, नए नाले बनाने, पीने के पानी की समस्या, सीवरेज ओवरफ्लो एवं गलियां पक्की, वार्ड में फॉगिंग करवाने जैसे कार्य करवाए जा रहे है।

वार्ड 11 के पार्षद परीक्षित देशवाल ने बताया कि हाउस की मीटिंग में वार्ड की समस्याओं को रखा था, जिसमें कई एजेंडे पास हुए थे। उन्हीं एजेंडों में स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव पास हुआ था। अब निगम कमिश्नर की तरफ से अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकास के कार्य तेजी से करवाए जाए। वार्ड के लोगों को सुविधा देने के लिए हमेशा आवाज उठाई है और आगे भी उठाते रहेंगे।

निगम कमिश्नर डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि वार्ड 11 के पार्षद की तरफ से जो समस्याएं बताई गई, उनका समाधान करने के निर्देश दिए जा चुके है। स्टेडियम का कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा। इसका एस्टीमेट तैयार करवाया जा रहा है। अन्य कार्यों के लिए अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए है

Exit mobile version