Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

तेज रफ्तार क्रूजर ने बाइक सवार को मारी टक्कर…रिटायर्ड फौजी की मौतSDM ऑफिस नीलोखेड़ी में सेवादार था मृतक

करनाल शहर के ढांड रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान 46 वर्षीय लखविंद्र सिंह, निवासी सांभी गांव के रूप में हुई है, जो फौज से रिटायर्ड थे और वर्तमान में एसडीएम कार्यालय नीलोखेड़ी में सेवादार के पद पर कार्यरत थे।

परिजनों के अनुसार, लखविंद्र सिंह सुबह अपनी बाइक पर करनाल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ढांड रोड पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रूजर गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह करीब 10 से 15 फुट उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए जुट गए। घायल अवस्था में लखविंद्र सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

हादसे के बाद आरोपी क्रूजर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

परिजनों के मुताबिक, लखविंद्र सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में गहरा शोक है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version