रोहतक शहर में दिल्ली बाइपास पर स्थित होटल में व्यक्ति का शव मिला। वह पिछले करीब एक सप्ताह से होटल के एक कमरे में ठहरा हुआ था। कमरा अंदर से बंद मिला और जब पुलिस पहुंची तो दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। जिसकी हालत काफी खराब हो चुकी थी और बदबू आ रही थी।
मृतक की पहचान आंध्र प्रदेश के गुनाडाला निवासी विनायक देवा के रूप में हुई है। जो 24 मई को रोहतक के निश्चय होटल के कमरे में ठहरा था। यहां आने के बाद अब वह कमरे से बाहर नहीं निकला। इस पर होटल स्टाफ को शक हुए तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो रूम का दरवाजा अंदर से बंद था। जिसके कारण पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर जाना पड़ा। शव को देखकर लग रहा था कि उसकी कई दिन पहले ही मौत हो चुकी है। शव के पास खून भी बिखरा हुआ था और बदबू भी आ रही थी। हालांकि मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं लग पाया है।
