Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

30 हजार रुपये के लिए हुई प्रॉपर्टी डीलर की हत्या…बिना रजिस्ट्री कराए ही प्लॉट में रहने लगा था गुलजार


हरियाणा के यमुनानगर में हुए प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कमल नगर निवासी गुलजार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्लॉट के पैसों को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, मृतक कलीराम ने करीब तीन साल पहले गुलजार को 3 लाख 90 हजार रुपए में एक प्लॉट बेचा था। आरोपी ने पहले 2 लाख 30 हजार रुपए एडवांस दिए थे, जबकि बाकी रकम बाद में देने की बात तय हुई थी। कलीराम ने पूरी रकम मिलने के बाद ही रजिस्ट्री कराने की शर्त रखी थी।

पुलिस के मुताबिक गुलजार बिना रजिस्ट्री कराए ही प्लॉट में रहने लगा था। बाद में उसने 1 लाख 30 हजार रुपए और दिए, लेकिन 30 हजार रुपए बाकी रह गए थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

डीएसपी रजत गुलिया के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि कलीराम उसे बार-बार पैसे के लिए टोकता था और गाली-गलौज करता था। इससे परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई।

15 मई को आरोपी कलीराम के फरकपुर स्थित ऑफिस पहुंचा। वहां दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद गुलजार ने गुस्से में चाकू से कलीराम की गर्दन पर कई वार कर दिए। हमले में कलीराम की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद कलीराम का शव ऑफिस में खून से लथपथ हालत में मिला था। पड़ोसी दुकानदार ने सबसे पहले शव देखा और परिजनों व पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन कलीराम दोपहर में खाना खाने घर नहीं पहुंचे थे, जिससे परिजनों को शक हुआ। इसके बाद पड़ोसी दुकानदार ऑफिस पहुंचा तो हत्या का खुलासा हुआ।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।

Exit mobile version