Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में जोरदार धमाका! दुकान में गैस सिलेंडर फटा, शॉर्ट सर्किट से लगी आग में सबकुछ जलकर राख

रोहतक में भिवानी स्टैंड के पास प्रताप चौक पर सुबह अचानक जोरदार धमाके की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जब बाहर निकले तो देखा कि एक दुकान में आग भड़क रही है और अंदर गैस सिलेंडर फट चुका है। आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मोके पर मिली जानकारी के अनुसार, रोहतक में प्रताप चौक पर सुबह करीब सवा 6 बजे दुकान के अंदर शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। दुकान के अंदर गैस के तीन सिलेंडर रखे थे। आग के कारण एक सिलेंडर फटा, जिसका जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी डर के मारे बाहर निकल आए। लोगों ने दुकान में आग लगी देखी तो फायर ब्रिगेड को फोन किया।

दुकान के ऊपर मकान में रहने वाले लोग भी धमाके की आवाज सुनकर नीचे उतर आए। आग की हीट के कारण मकान में भी काफी नुकसान हुआ। वहीं, आसपास के कई दुकानों में रखा सामान भी जलकर राख हो गया। कुछ दुकानों के शटर फाड़कर सामान निकाला गया, जबकि कुछ दुकानों के शटर ही नहीं खुल रहे थे जिन्हें खोलने का प्रयास किया गया।

दुकान में आग लगने के कारण सिलेंडर फटकर दूसरी दुकान में जा गिरा, जिसके कारण आग तेजी से फैलने लगी। आगे से शटर बंद होने के कारण आग अंदर ही अंदर फैल गई और 5-6 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दो दुकानों के शटर खुले, जबकि दो दुकानों के शटर तोड़ने पड़े। वहीं, दो दुकानों के शटर अभी तक नहीं खोल पाए, जिन्हें खोलने का प्रयास किया जा रहा था।

दुकानों के अंदर बच्चों के स्कूल बैग, महिलाओं के सूट, प्लास्टिक के टिफिन, स्टूल व अन्य घरेलू सामान था। जबकि एक दुकान में आफिस था, जिसमें रखी फाइल भी जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड की टीम फटे हुए सिलेंडरों के साथ अन्य दो सिलेंडर भी बाहर निकाले और आग पर काबू पाया।

पूछताछ के दौरान पड़ोस में रहने वाले राजेंद्र कुमार ने बताया कि उसका बेटा सुबह करीब सवा 6 बजे बाहर निकला तो अचानक धमाका हो गया। बेटे ने अंदर आकर बताया कि बाहर जोरदार धमाका हुआ है। जब बाहर आकर देखा तो दुकान से धुआं निकल रहा था। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची तो एक फटे हुए सिलेंडर को बाहर निकाला, जबकि दो सिलेंडर ओर रखे थे, जिन्हें भी बाहर निकाला गया। जिन लोगों की दुकान अंदर है, वो लोग काफी परेशान है, क्योंकि उनकी दुकानों के शटर भी नहीं खुल रहे। जिन दुकानों को खोला गया, उनमें काफी नुकसान हुआ है।

मकान के मालिक दिनेश चावला ने बताया कि वह सुबह किसी काम से दिल्ली जा रहा था। घर से फोन आया कि सिलेंडर फट गया, जिसके बाद वह आधे रास्ते से ही वापस लौटा। यहां आकर देखा तो दुकान में आग लगी हुई थी। अंदर बिजली की तार है, जिनमें शॉर्ट सर्किट से आग लगी। आग लगने के कारण घर में भी काफी नुकसान हुआ है
दिनेश चावला ने बताया कि घर की दीवारों में दरारें भी आई है। जिस समय सिलेंडर फटने का धमाका हुआ, उस समय परिवार के लोग घर में ही थे। धमाके की आवाज के बाद वह नीचे आए है। आगजनी के कारण नुकसान कितना हुआ है, यह अभी अंदाजा नहीं लगा सकते।

Exit mobile version