गुरुग्राम के कोर्ट परिसर में रविवार सुबह लगी भीषण आग ने बड़ा रूप ले लिया। आग लगने के करीब पांच घंटे बाद कोर्ट बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बिल्डिंग के आसपास मौजूद फायर कर्मियों और लोगों को समय रहते वहां से हटा लिया गया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह लोअर कोर्ट के रिकॉर्ड रूम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। वहां से गुजर रहे कुछ वकीलों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और चौकीदार को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
फायर टीम आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही थी कि तभी अचानक बिल्डिंग का एक हिस्सा गिर गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने के बाद सर्चिंग अभियान चलाया जाएगा, जिसके बाद ही यह पता चल सकेगा कि कोर्ट का कितना रिकॉर्ड जलकर नष्ट हुआ है और कितना सुरक्षित बच पाया है।
रविवार होने के कारण कोर्ट में छुट्टी थी, जिससे बड़ा जनहानि का हादसा टल गया। हालांकि रिकॉर्ड रूम में लगी आग से महत्वपूर्ण दस्तावेजों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
