Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में अमित शाह के प्रोग्राम में स्टाफ के खाने में निकला कांच का टुकड़ा: गुलाब जामुन खाते ही मुंह में आया

ROHTAK: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोहतक दौरे के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई। आरोप है कि अमित शाह के स्टाफ के लंच में कांच का टुकड़ा मिला। स्टाफकर्मी ने जैसे ही गुलाब जामुन का पीस उठाकर खाया तो उनके मुंह में कांच का टुकड़ा आया। इसके बाद कर्मचारी ने अन्य साथियों को इसके बारे में बताया। उन्होंने कांच के टुकड़े की फोटो खींचकर अधिकारियों से शिकायत की। लंच महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (MDU) के फैकल्टी गेस्ट हाउस में रखा गया था। अमित शाह ने भी यहीं लंच किया था। हालांकि फूड सेफ्टी टीम का कहना है कि खानी में कोई कमी नहीं थी। जब जांच करने पहुंचे तो वहां स्टाफ का कोई सदस्य नहीं मिला।वहीं पुलिस प्रवक्ता सन्नी लौरा के मुताबिक खाने के दौरान कोई कांच का टुकड़ा नहीं मिला। एक प्लास्टिक का छोटा का टुकड़ा था, जो खाने के अंदर से नहीं निकला, बल्कि पहले से व्यक्ति के हाथ पर चिपका हुआ था। अमित शाह के खाने में कोई कमी नहीं थी।

खाना तैयार करने वाले नीलकमल फूड सर्विस एंड कैटरिंग के संजीव सिंह के मुताबिक कांच का कोई टुकड़ा नहीं था, बल्कि प्लास्टिक का एक छोटा सा कण था, जो पहले से ही एक फोटोग्राफर के हाथ पर मौजूद था। यह घटना अमित शाह के स्टाफ के साथ नहीं, बल्कि वहां खाना खा रहे एक फोटोग्राफर के साथ हुई।जब फोटोग्राफर ने प्लास्टिक का वह टुकड़ा दिखाया तो उसने दावा किया कि यह गुलाब जामुन से निकला है, जबकि वह टुकड़ा बिल्कुल साफ था और उस पर कोई निशान नहीं था। फोटोग्राफर का कहना था कि उसने वह टुकड़ा मुंह से निकाला था, लेकिन जब फूड सेफ्टी अधिकारियों ने उससे पूछताछ की तो वह कोई जवाब नहीं दे पाया, क्योंकि खाने में कोई कमी नहीं थी।

Exit mobile version