रोहतक के लाखन माजरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक और व्यक्ति को अपना शिकार बनाया है। खरक जाटान गांव के निवासी को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर करीब 50 हजार रुपए की चपत लगा दी गई। पुलिस ने केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
साइबर ठगों का शिकार हुए शिवा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खरक जाटान का रहने वाला है। उन्हें शाम साढ़े चार बजे एक अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि वह मेरे क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाना चाहता है।
पीड़ित के अनुसार, फोन करने वाले ने उन्हें एक्सिस बैंक की ऐप खोलने को कहा और फिर व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके फोन पर एक मैसेज आया, जिसमें सूचना थी कि उनके कार्ड से 49 हजार 882 रुपए 94 पैसे की राशि काट ली गई है।
लाखन माजरा थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित ने पुलिस से अपनी रकम वापस दिलवाने के साथ-साथ आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान कॉल पर बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए और न ही किसी अनजान लिंक पर क्लिक करना चाहिए। संदेह होने पर तुरंत अपने बैंक की आधिकारिक हेल्पलाइन पर संपर्क करना चाहिए।

