गुरुग्राम के सेक्टर-28 स्थित एक इमारत में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग के दौरान चार लोग इमारत के अंदर फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और हरियाणा स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों की मुस्तैदी और तत्परता के चलते चारों फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी लोग सुरक्षित हैं।
सिविल डिफेंस अधिकारी मोहित शर्मा के अनुसार, डीसीपी ईस्ट की अगुवाई में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस, होमगार्ड और फायर ब्रिगेड के जवानों ने बहादुरी दिखाते हुए समय रहते सभी को बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
