जींद)। शहर की गीता कॉलोनी में शनिवार दोपहर को रंग-गुलाल बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इसमें पांच महिला मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से एक घायल का नागरिक अस्पताल सफीदों में इलाज चल रहा है। चार को पीजीआई रोहतक, एक को हिसार और छह को मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर किया गया है।
फैक्ट्री में रंग-गुलाल में बारूद के साथ केमिकल का प्रयोग किया जाता था। आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। सूचना के बाद डीसी, एसपी समेत पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया है। एसपी के निर्देश पर मामला दर्ज किया गया। गीता कालोनी के रिहायशी इलाके में डेढ़ साल से अवैध फैक्टरी चल रही थी। इसमें 20 लोग काम करते थे। इनमें पांच पुरुष और 15 महिलाएं शामिल हैं।
फैक्ट्री में जब आग लगी तो बारूद और केमिकल के कारण भड़क गई। जान बचाने के लिए तीन महिलाएं छत पर चढ़ी और कूद गई। इस कारण तीनों सुरक्षित बच गई। 17 लोग आग की चपेट में आए। इनमें चार महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। बाकी घायलों को नागरिक अस्पताल सफीदों में लाया गया।
यहां से अलग-अलग जगह रेफर किया गया। इनमें से दो महिलाओं की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। एक युवक की हालत ठीक होने के कारण उसे सफीदों में ही दाखिल किया गया। सफीदों के वार्ड 10 निवासी राजू फैक्टरी को मकान में चला रहा था। फैक्टरी में किसी प्रकार के सुरक्षा उपकरण नहीं थे।
आदर्श कालोनी निवासी रानी, जगबीर, शिव कालोनी निवासी कश्मीरी देवी, गीता कालोनी निवासी कमलेश, बिमला, करनाल के निसिंग निवासी पवन समेत 12 मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं।
गीता कालोनी निवासी रामनिवास ने बताया कि सुबह जब मजदूर फैक्टरी में जाते थे तो उस समय ताला खोल दिया जाता था। इसके बाद जब वो दोपहर को भोजन के लिए बाहर आते या फिर शाम को छुट्टी करके आते तो उसी समय ताला खोला जाता था। पूरा दिन फैक्टरी के मुख्य गेट पर ताला लगा रहता था

