किसान आंदोलन के चलते जहां शंभू बॉर्डर और खनौरी बॉर्डर पर धरना चल रहा है, वहीं किसानों ने गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर और बाइक मार्च निकालने का ऐलान किया है। ट्रैक्टर मार्च को लेकर प्रदेशभर के किसान तैयारियों में जुटे हुए हैं।
खास बात यह है कि ट्रैक्टर मार्च में महिलाएं भी शामिल होंगी। किसान मजदूर संगठन के प्रदेशाध्यक्ष उमेद सिंह रिठाल ने कहा कि एमएसपी की गारंटी को लेकर लगातार धरना चल रहा है, लेकिन सरकार मानी गई मांगों को भी पूरा नहीं कर रही है। ट्रैक्टर मार्च से उम्मीद यही है कि सरकार पर दबाव बनेगा और किसानों की मांगें पूरी होंगी।
उमेद सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर मार्च में जिले भर से करीब 400 ट्रैक्टर शामिल होंगे, जिसमें सभी किसान यूनियन के सदस्य शामिल होंगे। कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन कर रहे हैं और सभी किसान यूनियन एकजुट हैं। सरकार को अपना वादा पूरा करना चाहिए और कृषि कानूनों की जगह एमएसपी की गारंटी वाला कानून लाना चाहिए।
उमेद सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर मार्च के लिए किसान नई अनाज मंडी में एकत्रित होंगे। ट्रैक्टर मार्च भिवानी चुंगी, पुराना बस स्टैंड, भिवानी स्टैंड, शांत माई, छोटू राम चौक, अंबेडकर चौक, सुभाष चौक से होते हुए अशोका, मेडिकल मोड़, पावर हाउस और दिल्ली बाईपास पर समाप्त होगा।
