Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हांसी में हैवानियत, चोरी के आरोप में युवक को कुएं में उल्टा लटकाया, डंडों से पीटा

हरियाणा के हांसी के सोरखी गांव में युवक को कुएं में उल्टा लटकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मानवता को झकझोरने वाली ये घटना हांसी के गांव सोरखी की है. वीडियो में एक युवक को पांव बांधकर कुएं में उल्टा लटकाया गया है. युवक रोता-बिलखता नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि उस पर मोटर चोरी का आरोप लगाया गया था.

आपको बता दें कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा युवक सोरखी का ही रहने वाला है. युवक चोरी के आरोपों से इनकार कर रहा है. फिलहाल पीड़ित युवक हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती है. अस्पताल में भर्ती पीड़ित ने बताया कि वो खेतों में शौच के लिए गया था. कुछ लोगों ने उसका पीछा किया, उसे चोर समझ लिया और कुएं में लटका दिया. युवक का आरोप है कि बाद में उसे बाहर निकालकर लाठी-डंडों से भी पीटा गया. उस समय उनके दबाव के चलते उसने चोरी की वारदात को कबूला था. पीड़ित ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मेरी जान बचाई. पीड़ित युवक ने कहा कि वो दलित परिवार से है और जिन लोगों ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया, वे सवर्ण जाति से थे. युवक ने कहा कि उसे न्याय चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

वहीं सोरखी गांव के सरपंच प्रतिनिधि रामचंद्र के मुताबिक पीड़ित युवक को एक खेत में सोलर पैनल से जुड़ी मोटर चोरी करते हुए खेत मालिक ने कथित तौर पर रंगे हाथों पकड़ लिया था. ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में खेतों से मोटर चोरी की कई घटनाएं हो चुकी थीं, जिससे किसानों में रोष था. बताया जा रहा है कि घटना के समय एक अन्य युवक भी उसके साथ था, जो मौके से फरार हो गया, जबकि पीड़ित युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया.

वहीं बास थाने के एसएचओ पवित्र सिंह के मुताबिक युवक को टॉर्चर करने का वीडियो सामने आया है. शिकायत नहीं मिली है. जैसी शिकायत मिलेगी, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अब ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये है कि यदि किसी व्यक्ति पर चोरी का शक था तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए थी. किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है. किसी आरोपी व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार कानून और मानवता दोनों के खिलाफ है.

Exit mobile version