हरियाणा सरकार के महत्वाकांक्षी ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट को बड़ी सफलता मिली है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने द्वारका एक्सप्रेसवे से ग्लोबल सिटी को सीधे जोड़ने के लिए 150 मीटर लंबे अंडरपास के निर्माण को मंजूरी दे दी है। अंडरपास बनने के बाद वाहन सर्विस लेन से बिना किसी रुकावट के सीधे ग्लोबल सिटी में प्रवेश कर सकेंगे। इससे ट्रैफिक जाम कम होगा और आवागमन पहले से अधिक आसान और तेज हो जाएगा।
दो चरणों में तैयार होगी ग्लोबल सिटी
हरियाणा सरकार गुरुग्राम में करीब 1,003 एकड़ क्षेत्र में ग्लोबल सिटी विकसित कर रही है। परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 587 एकड़ क्षेत्र का विकास होगा, जिस पर लगभग 940 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार ने वर्ष 2027 तक पहले चरण का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर रहेगा जोर
ग्लोबल सिटी को अत्याधुनिक और एकीकृत शहरी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां सड़क, बिजली, पानी और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ करीब 10.5 किलोमीटर लंबा यूटिलिटी नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके अलावा गुरुग्राम-पटौदी रोड से बेहतर कनेक्टिविटी के लिए सड़क नेटवर्क का भी विस्तार किया जाएगा।
मेट्रो, ई-बस और साइकिल ट्रैक की सुविधा
परियोजना में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लाइट मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस सेवा, पैदल यात्रियों के लिए वॉकवे और समर्पित साइकिल ट्रैक विकसित किए जाएंगे। साथ ही भविष्य में इस क्षेत्र तक मेट्रो विस्तार की भी योजना है, जिससे लोगों को तेज और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध हो सके।
1 लाख करोड़ निवेश और 5 लाख रोजगार का अनुमान
सरकार इस शहर में बनाएगी ग्लोबल सिटी…
5 लाख लोगो को मिलेगा रोजगार
राज्य सरकार का अनुमान है कि ग्लोबल सिटी परियोजना से करीब 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होगा। इसके साथ ही 5 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। यह क्षेत्र आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक उद्योगों का प्रमुख हब बनकर उभर सकता है।
दिल्ली-गुरुग्राम का सफर होगा और आसान
केंद्र सरकार दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यात्रा समय कम करने के लिए भी बड़े स्तर पर काम कर रही है। प्रस्तावित सिग्नल-फ्री कॉरिडोर बनने के बाद दोनों शहरों के बीच सफर करीब 15 मिनट में पूरा होने की संभावना है। इसके तहत मेहरौली-गुरुग्राम रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर फ्लाईओवर और आधुनिक इंटरचेंज विकसित किए जाएंगे।
रियल एस्टेट सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी और कम यात्रा समय का सीधा फायदा गुरुग्राम के रियल एस्टेट बाजार को मिलेगा। दक्षिण और मध्य दिल्ली में काम करने वाले लोगों का रुझान गुरुग्राम की ओर बढ़ सकता है, जिससे आवासीय परियोजनाओं की मांग, संपत्तियों की कीमतों और किराए में वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही बेहतर सड़क नेटवर्क से पूरे एनसीआर की आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

