Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भक्ति रस में सराबोर हुआ रोहतक

श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस पर श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही। कथा का आयोजन 1 जून से 7 जून 2026 तक शहीद मदन लाल ढींगड़ा कम्युनिटी सेंटर, ओल्ड आई.टी.आई. ग्राउंड, रोहतक में प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक किया जा रहा है।
कथा के द्वितीय दिवस में सुप्रसिद्ध कथा व्यास डॉ. संजय कृष्ण सलिल जी ने भगवान की दिव्य लीलाओं, भक्ति के महत्व एवं मानव जीवन में सत्संग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सेवा, सद्भाव और आध्यात्मिक जागरण का माध्यम है। कथा श्रवण से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा भगवान के प्रति श्रद्धा और विश्वास दृढ़ होता है।
इस अवसर पर नारायण सेवा संस्थान, उदयपुर के सहयोग से सेवा, मानवता एवं दिव्यांगजन कल्याण के संदेश को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। संस्थान द्वारा किए जा रहे समाजसेवी कार्यों की जानकारी श्रद्धालुओं को दी गई तथा सभी से सेवा कार्यों में सहभागिता का आह्वान किया गया।
मुख्य यजमान श्राजेश जैन, धर्मपत्नी संध्या जैन, बहन उमा शर्मा एवं मनमोहन गोयल धर्मपत्नी निर्मला गोयल जी सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कथा स्थल पर भजन-कीर्तन एवं भगवान श्री राधा-कृष्ण के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजकों ने रोहतक एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी श्रद्धालुओं से आगामी दिनों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण एवं धर्म लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।

Exit mobile version