मंगलवार सुबह पानीपत में घने कोहरे के चलते भीषण सड़क हादसा हो गया। जीटी रोड पर पुलिस लाइन के पास एक रोडवेज बस पीछे से ट्रक में जा घुसी। बस आगे से काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं टक्कर के बाद बस में बैठी सवारियों में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद राहगीरों व स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।
लोग मौके पर पहुंचे व एकाएक बस के भीतर से सवारियों को बाहर निकालने का काम किया। हादसे में बस में आगे बैठी सवारियां घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में 12 सवारियों के घायल होने की पुष्टि हुई है। घायलों का आयुष्मान अस्पताल, पार्क अस्पताल व सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब 9:20 मिनट पर हुआ। बहादुरगढ़ डिपो की बस जीटी रोड से होते हुए चंडीगढ़ जा रही थी। बस में करीब 40 सवारियां सवार थीं। जब बस पानीपत में पुलिस लाइन के पास पहुंची तो धुंध बहुत ज्यादा होने की वजह से दृश्यता कम हो गई, जिस वजह से रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
हादसे में सोनीपत के सेक्टर 14 निवासी एसआई सुरेंद्र, जो पानीपत में लघु सचिवालय नौकरी करता है, खरखौदा निवासी ओमकारी, बहादुरगढ़ निवासी शमशेर, खरखौदा के रामपुर गांव निवासी गौरव, सोनीपत के बेगा निवासी अनिल व मनोज, बाहदुरगढ़ के कुलासी गांव निवासी अमित सिपाही, उत्तर प्रदेश के बलिया जिला आम चौरा छाता गांव निवासी नीलू घायल हो गए। रामपुर गांव निवासी गौरव की सिर में चोट लगने से हालात गंभीर बनी हुई है।
