राजस्थान के दौसा में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. खाटू श्याम मंदिर से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई. इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई. मृतकों में 7 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल हैं. दुर्घटना में 12 लोगों के घायल होने की खबर है. जिनमें नौ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जयपुर की एसएमएस अस्पताल में रेफर किया गया है.

दौसा के उप पुलिस अधीक्षक रवि प्रकास शर्मा के मुताबिक, हादसा बापी के पास हुआ. उत्तर प्रदेश के एटा के रहने वाले लोग पिकअप वैन से खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करके लौट रहे थे. इसी दौरान उनकी पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. हादसे में 7 बच्चे और 3 महिलाओं समेत 11 लोगों की मौत हो गई. हादसे में 11 लोग घायल हैं. जिनमें से कुछ को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है.

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है. मामले की जांच चल रही है. जिसके बाद ही ज्यादा जानकारी सामने आएगी.

चश्मीदीदों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि काफी दूर तक आवाज सुनाई दी. ट्रक से टकराते ही पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. अभी तक यह नहीं पता चला है कि हादसा कैसे हुआ.

हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है. साथ ही घायलों को बेहतर इलाज के लिए हर संभव मदद पहुंचाने की बात कही है. सीएम भजनलाल ने एक्स पर कहा, ‘यह बेहद दुखद घटना है. मैं मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने भी हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की.

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!