Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

दुल्हन के घर से महज कुछ ही दूरी पर बारातियों की कार और ट्रक में भीषण टक्कर; एक ही परिवार के 8 लोगो की मौत

राजस्थान के बाड़मेर में भीषण सड़क हादसे में सोमवार देर रात 8 बारातियों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक कार में सेडिया (जालोर) निवासी एक परिवार के 9 सदस्य सवार थे, जिनमें से 8 की जान चली गई। हादसा बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी थाने के बाटा फाटे के पास हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही शादी के घर में कोहराम मच गया।

इस हादसे में पूनमाराम (45) पुत्र ढीमाराम, प्रकाश (28) पुत्र पेमाराम, मनीष (12) पुत्र पूनमाराम, प्रिंस (5) पुत्र मांगीलाल, भागीरथराम (38) पुत्र पोकराराम और पूनमाराम (48) पुत्र भगवानाराम निवासी खारा जालोर समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मांगीलाल (35) पुत्र नैनाराम और बुद्धराम (40) पुत्र कानाराम की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रकाश (20) पुत्र हरजीराम विश्नोई गंभीर घायल है, जिसका सांचौर के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बारात में शामिल लोग कांधी की ढाणी जा रहे थे। 8 किलोमीटर पहले सड़क हादसा हो गया। बारात में शामिल अन्य वाहन से बाराती उतरे और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसा इतना भीषण था कि फंसे लोगों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। हादसे की सूचना के बाद दूल्हा और दुल्हन दोनों के घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

पुलिस ने बताया कि बारात बाड़मेर जिले के कांधी की ढाणी गुड़ामालानी जा रही थी। इसी दौरान रामजी की गोल से गुड़ामालानी हाईवे पर बाटा फाटे के पास कार और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में बोलेरो गाड़ी बुरी तरह से पिचक गई। कार में सवार सभी लोग फंस गए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शवों को निकाला जा सका।

Exit mobile version