फरीदाबाद शहर के सेक्टर-16 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में जल्द ही अत्याधुनिक स्वचालित मौसम केंद्र स्थापित किया जाएगा। यह पहल केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के ‘मौसम मिशन’ के तहत की जा रही है, जिसमें भारतीय उष्ण कटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान, पुणे का सहयोग रहेगा। इस परियोजना के लिए महाविद्यालय और संस्थान के बीच समझौता (एमओयू) भी किया जा चुका है।

कॉलेज प्रशासन के अनुसार, अगले दो महीनों में भवन की छत पर सोलर ऊर्जा से संचालित यह आधुनिक मौसम केंद्र स्थापित कर दिया जाएगा। इसकी खास बात यह है कि यहां से मिलने वाला पूरा डेटा सीधे पुणे स्थित केंद्र से मॉनिटर किया जाएगा, जिससे सटीक और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

भूगोल विभाग की प्राध्यापक डॉ. पारुल ने बताया कि इस सेंटर के शुरू होने से फरीदाबाद के स्थानीय मौसम की हर घंटे अपडेट मिल सकेगी। इससे तापमान, वर्षा, आर्द्रता और हवा की गति जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से उपलब्ध होंगी।

इसका लाभ केवल मौसम पूर्वानुमान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छात्र-छात्राओं के शोध कार्य, प्रोजेक्ट और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी यह डेटा काफी मददगार साबित होगा। इसके अलावा यह केंद्र कृषि, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में भी अहम भूमिका निभाएगा।

गौरतलब है कि इसी तरह के मौसम केंद्र बल्लभगढ़, नचौली और खेड़ी गुजरान के राजकीय महाविद्यालयों में भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में मौसम संबंधी सटीक जानकारी का दायरा और बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!