हरियाणा के हिसार में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई। हादसा हिसार-जयपुर नेशनल हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार हैरियर कार ने बाइक सवार दोनों भाइयों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दोनों को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
मृतकों की पहचान हिसार के गांव नलवा निवासी राजपाल (68) और जिले सिंह (56) के रूप में हुई है। दोनों भाई बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में शोक जताने के लिए दूसरे गांव जा रहे थे।
महिला चला रही थी कार
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त हिसार से खाटू श्याम जा रहा एक परिवार हैरियर कार में सवार था। कार को एक महिला चला रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, कार की रफ्तार बेहद तेज थी। टक्कर लगने के बाद बाइक उछलकर दूसरी लेन में जा गिरी, जबकि दोनों भाई कार के नीचे फंस गए और काफी दूर तक घसीटते चले गए।
मोबाइल से परिजनों को मिली सूचना
मृतक के भांजे रविंद्र ने बताया कि हादसे के बाद एंबुलेंस चालक ने जिले सिंह के मोबाइल से डायल किए गए पहले नंबर पर कॉल कर परिवार को सूचना दी। यह नंबर गांव रालवास कलां में रहने वाले रिश्तेदार का था, जिनके यहां दोनों भाई शोक प्रकट करने जा रहे थे।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने कार कब्जे में ली
हादसे के बाद पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भेजा गया है।
परिवार में पसरा मातम
परिवार के अनुसार, दोनों भाई गांव नलवा में एक साथ रहते थे। दोनों के दो-दो बच्चे हैं। राजपाल के बेटे की एक साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा खेतीबाड़ी करता है। वहीं जिले सिंह के एक बेटा और एक बेटी हैं, दोनों अभी अविवाहित हैं।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
