गुरुग्राम कोर्ट परिसर में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग में कोर्ट के कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 12 बजे कोर्ट परिसर के एक कमरे से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। वहां से गुजर रहे कुछ वकीलों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और चौकीदार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
आग बुझाने के दौरान कर्मचारियों को खिड़की काटकर अंदर पहुंचना पड़ा। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
फायर विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि असली वजह जांच के बाद ही साफ हो सकेगी। अधिकारियों के मुताबिक आग पूरी तरह बुझने के बाद सर्च अभियान चलाया जाएगा, जिससे यह पता लगाया जा सके कि कितना रिकॉर्ड सुरक्षित बचा है और कितना नुकसान हुआ है।
गनीमत रही कि रविवार होने के कारण कोर्ट में छुट्टी थी और उस समय अधिक स्टाफ मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
