शिमला के संजौली क्षेत्र में शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में स्कूल संचालिका और रेवाड़ी निवासी मनीषा मित्तल (41) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल परिसर में घुसकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल मनीषा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। संजौली थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हत्या से पहले सामने आया वीडियो
वारदात के बाद मनीषा मित्तल का एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपने भाई हिमांक मित्तल पर धमकियां देने और स्कूल पर कब्जे की कोशिश करने के आरोप लगाए थे। वीडियो में उन्होंने कहा था कि यदि उन्हें कोई नुकसान होता है तो इसके लिए कुछ लोगों को जिम्मेदार माना जाए।
स्कूल और प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, मनीषा मित्तल अपने माता-पिता के समय स्कूल की वाइस प्रेसिडेंट थीं। माता-पिता के निधन के बाद वह स्कूल की एक्टिंग प्रेसिडेंट बनीं। उनका आरोप था कि उनके भाई हिमांक मित्तल ने उन्हें स्कूल प्रबंधन से बाहर दिखाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए।
मनीषा का कहना था कि अदालत से राहत मिलने के बाद उन्होंने जनवरी में फिर से स्कूल का संचालन संभाला था, लेकिन इसके बावजूद लगातार विरोध और दबाव बनाया जा रहा था।
पति ने भाई पर लगाए गंभीर आरोप
मनीषा के पति डॉ. सुभाष, जो रेवाड़ी के सिविल अस्पताल में कार्यरत हैं, ने दावा किया कि वर्ष 2021 से मनीषा और उनके भाई हिमांक के बीच प्रॉपर्टी विवाद चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में अदालत में सुनवाई के बाद धमकियां बढ़ गई थीं और इसी विवाद के चलते उनके भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
हालांकि पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रेवाड़ी में भी चल रहा था पारिवारिक विवाद
मनीषा की शादी करीब 18 वर्ष पहले रेवाड़ी निवासी डॉ. सुभाष से हुई थी। उनकी 17 वर्षीय बेटी है। बताया गया है कि पति-पत्नी के बीच भी पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला फैमिली कोर्ट में विचाराधीन है। पिछले करीब एक साल से मनीषा अपनी बेटी के साथ अलग रह रही थीं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।
